वाशिंगटन। अमेरिका की खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) ने रूस के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया था। CIA ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध खुफिया जानकारियों के आधार पर ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि यूक्रेन ने पुतिन के आवास पर हमला किया हो।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, क्रेमलिन के आरोप सामने आने के बाद CIA ने पूरे मामले की गहन समीक्षा की। जांच में यह सामने आया कि हाल ही में उत्तर यूक्रेन में हुए ड्रोन हमलों का पुतिन के आवास से कोई संबंध नहीं था। इस निष्कर्ष की जानकारी CIA प्रमुख जॉन रैटक्लिफ ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी दी।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इस मसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक लेख साझा किया, जिसमें कहा गया था कि पुतिन द्वारा लगाए गए आरोप असल में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।
इससे पहले रूस ने दावा किया था कि यूक्रेन ने पुतिन के निजी आवास को निशाना बनाने की कोशिश की है। हालांकि, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया और मीडिया से इस पर भरोसा करने की अपील की। CIA ने पेस्कोव के बयान पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।