नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नववर्ष 2026 के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो अलग-अलग संदेश साझा करते हुए नए साल के लिए शुभकामनाएं और प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2026 सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का संचार करे। उन्होंने कामना की कि यह वर्ष हर व्यक्ति के लिए नई ऊर्जा, आशा और सफलता लेकर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूसरे संदेश में एक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए जीवन के मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लिखा—
“ज्ञानं विरक्तिरैश्वर्यं शौर्यं तेजो बलं स्मृतिः।
स्वातन्त्र्यं कौशलं कान्तिर्धैर्यं मार्दवमेव च॥”
इस सुभाषित के माध्यम से प्रधानमंत्री ने बताया कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान, साहस, धैर्य, कौशल, आत्मबल, स्वतंत्र सोच और विनम्रता जैसे गुणों को आत्मसात करना है। उन्होंने कहा कि यही मूल्य व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं और समाज को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री के इस संदेश को देशभर में लोगों ने प्रेरणादायक बताते हुए सराहा।