जम्मू। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू जिले के गजनसू क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब बीएसएफ के जवान नियमित गश्त के दौरान सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।
बीएसएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 19 वर्षीय शरीफुल इस्लाम भुइयां के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के कोमिला जिले के आद्रा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
आरोपी को कनाचक थाना क्षेत्र अंतर्गत गजनसू सीमा चौकी में लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि वह किस उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में दाखिल हुआ और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं।