उत्तरकाशी के डॉ. चंद्र लाल भारती को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, बने मानवाधिकार संस्था के आजीवन सदस्य

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब उत्तरकाशी जिले के मूल निवासी और समाजसेवी डॉ. चंद्र लाल भारती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। उन्हें अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित संस्था ह्यूमन राइट्स कमीशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस द्वारा आजीवन सदस्यता प्रदान की गई है। इसके साथ ही उन्हें विश्व मानवाधिकार सुरक्षा आयोग द्वारा नेशनल प्रेसिडेंट के पद से भी नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें मानवाधिकारों के संरक्षण और समाज सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

यह सम्मान 27 दिसंबर 2025 को राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पांच सितारा होटल अशोका में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, विभिन्न देशों के राजनयिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. भारती को यह सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।

डॉ. चंद्र लाल भारती मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लॉक अंतर्गत पट्टी बनाल के ग्राम ब्यांली के निवासी हैं। वर्तमान में वे देहरादून के कुआंवाला (बिंदालस रिवर वैली) क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाना उनकी मेहनत, संघर्ष और सामाजिक समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि यह सदस्यता अमेरिका के कोलोराडो राज्य द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था द्वारा दी गई है, जो वैश्विक स्तर पर मानवाधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए कार्य करती है। डॉ. भारती वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (PWD) हरिद्वार में अपर सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और साथ ही सामाजिक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय हैं।

इस उपलब्धि पर डॉ. भारती ने अपने मित्रों, शुभचिंतकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उनकी यह सफलता न केवल उत्तरकाशी बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.