उत्तरकाशी में भीषण सड़क दुर्घटना, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुंगी बडेथी स्थित मारुति शोरूम के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खड़े वाहनों से टकरा गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में वाहन सवार चार लोगों में से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11 बजकर 08 मिनट पर हुई। कार संख्या यूके-10-ए-3090 चिन्यालीसौड़ की ओर से जिला मुख्यालय उत्तरकाशी की तरफ आ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा परिचालन केंद्र, पुलिस, एसडीआरएफ तथा 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान अभिषेक पुत्र राजेन्द्र प्रसाद (27 वर्ष), निवासी चिन्यालीसौड़; मनीष पुत्र हर्ष मैठाणी (27 वर्ष), निवासी कीर्तिनगर चौरास श्रीनगर तथा गौरव भट्ट पुत्र राजेन्द्र भट्ट (27 वर्ष), निवासी कीर्तिनगर के रूप में हुई है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.