सैक्रामेंटो (कैलिफोर्निया)। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में बुधवार को आए शक्तिशाली तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार वर्षा के कारण कई नदियां उफान पर आ गईं और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि जगह-जगह मलबा बहने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दक्षिणी कैलिफोर्निया में क्रिसमस के अवसर पर वर्षों बाद इतनी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी कि इस बार तूफान सामान्य से अधिक प्रभावी हो सकता है। इसके चलते कई इलाकों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, तेज बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। लॉस एंजिल्स काउंटी में कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले करीब 380 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई स्थानों पर जलभराव के कारण सड़कें बंद कर दी गईं।
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने जानकारी दी कि एक ड्रेनेज टनल में फंसे व्यक्ति को समय रहते बचा लिया गया। वहीं, कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने लॉस एंजिल्स, ऑरेंज, रिवरसाइड, सैन बर्नार्डिनो, सैन डिएगो और शास्ता काउंटियों में आपातकाल की घोषणा की है। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, इस सप्ताह दक्षिणी कैलिफोर्निया में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, निचले इलाकों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
