गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ तक पीएम मोदी का व्यस्त दौरा, विकास परियोजनाओं पर फोकस

गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज के दौरान ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत असम के 25 होनहार विद्यार्थियों से संवाद किया। यह संवाद अपने आप में खास रहा, क्योंकि आमतौर पर यह कार्यक्रम पारंपरिक स्थलों पर आयोजित किया जाता है, जबकि इस बार छात्रों से बातचीत ब्रह्मपुत्र क्रूज पर की गई। प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा से जुड़ा तनाव दूर करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के गुर साझा किए।

छात्रों से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुवाहाटी के पश्चिम बोरागांव स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उनका डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप जाने का कार्यक्रम है, जहां वे 12.7 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाले उर्वरक संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना पूर्वोत्तर क्षेत्र में उर्वरक उत्पादन को सशक्त करने के साथ-साथ कृषि विकास को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी एक दिन पहले, 20 दिसंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे, जहां उन्होंने लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। इस अवसर पर उन्होंने टर्मिनल परिसर के प्रवेश द्वार पर भारत रत्न लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई, असम के पहले मुख्यमंत्री की प्रतिमा का भी अनावरण किया। प्रधानमंत्री का यह दौरा शिक्षा, श्रद्धांजलि और विकास परियोजनाओं का समन्वित संदेश देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.