देहरादून। आगामी जनगणना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड के स्थायी निवासियों से एक अहम अपील की है। भाजपा ने राज्य के लोगों से कहा है कि वे जनगणना की प्रक्रिया के दौरान अपने मूल गांव या घर में मौजूद रहें, ताकि जनसंख्या से जुड़े आंकड़े सही, वास्तविक और विश्वसनीय रूप में दर्ज किए जा सकें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को जारी अपने बयान में कहा कि उत्तराखंड के बड़ी संख्या में स्थायी निवासी रोजगार, शिक्षा और अन्य कारणों से राज्य के बाहर या विदेशों में रह रहे हैं। यदि जनगणना के समय उनकी गणना उनके मूल निवास स्थान पर नहीं होती है, तो इससे राज्य की वास्तविक जनसंख्या का सही आंकलन नहीं हो पाएगा, जिसका सीधा असर सरकारी योजनाओं और संसाधनों के आवंटन पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से पार्टी द्वारा “मेरी गणना, मेरा गांव” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि उत्तराखंड के प्रत्येक स्थायी निवासी की गिनती उसके मूल गांव या घर में हो। इससे सरकार को राज्य की सही जनसंख्या प्रोफाइल मिलेगी और विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि सटीक जनसंख्या आंकड़े होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी उत्तराखंडवासियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।