गुवाहाटी। असम के राजधानी क्षेत्र गुवाहाटी में एयर फोर्स डे फ्लाईपास्ट आयोजन के मद्देनज़र जोरदार अभ्यास जारी है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आगामी 8 और 9 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन का ऐलान किया है। इस बीच बुधवार 5 नवंबर को इसका पूर्वाभ्यास हुआ। 6 और 8 को भी ऐसे आयोजन होंगे। फ्लाईपास्ट का आयोजन 9 नवंबर को फैंसी बाजार के लाचित घाट के ऊपर से किया जाएगा।
उपायुक्त (यातायात) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शकों और वीआईपी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति की संभावना को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात की सुगमता सुनिश्चित करने की खातिर यातायात प्रतिबंध के ऐहितियाती कदम उठाये जा रहे हैं। इस दौरान एचबी रोड, एटी रोड, डीजी रोड, एमजी रोड, बी. बरुआ रोड और जीएनबी रोड पर निर्धारित समय के साथ भारी वाणिज्यिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा माछखोवा पॉइंट से लेकर चीफ जस्टिस बंगला पॉइंट तक एमजी रोड पर ठेलागाड़ी, रिक्शा और ई-रिक्शा जैसी धीमी गति वाले वाहन नहीं चलने दिये जायेंगे। इस मार्ग पर केवल भारतीय वायुसेना से जारी पासधारी वाहनों को ही दिन में 11 बजे से शाम 5 बजे तक आवागमन की अनुमति होगी।
उधर खानापाड़ा से भरलुमुख की ओर जाने वाली सिटी बसें जीएस रोड – एटी रोड – आठगांव फ्लाईओवर के रास्ते जाएंगी, और पानबाजार आरओबी से होकर नहीं गुजरेंगी।
इसी प्रकार जालुकबाड़ी से आने वाले भारी वाहन, अंतर्जिला और एएसटीसी रूरल सर्विस बसों को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की ओर मोड़ दिया जाएगा; उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि एचबी रोड पर दोनो दिशाओं में यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।
भरलुमुख से पानबाजार/चांदमारी जाने वाले वाहनों को माछखोवा एलिवेटेड कॉरिडोर पॉइंट पर एचबी रोड या एटी रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।
चांदमारी से पानबाजार/भरलुमुख की ओर आने वाले वाहन डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी पॉइंट पर एटी रोड की ओर भेजे जाएंगे। उजानबाजार/लतासिल से भरलुमुख की ओर जाने वाले हल्के वाहनों को प्लैनेटोरियम पॉइंट से लैम्ब रोड – एफसी. रोड – तैयबुल्ला पॉइंट- जीएनबी रोड – डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी – एनबी हॉल पॉइंट मार्ग से भेजा जाएगा।
केवल भारतीय वायुसेना से जारी लाल, नीले या पीले पास वाले वाहनों को ही निर्धारित पार्किंग जोन में पार्किंग की अनुमति होगी।
एमजी रोड, एफए रोड, बीआरपी रोड, एमएलएन रोड, एआरबी रोड, एचबी रोड और टीआरपी रोड पर पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।