डा. धन सिंह रावत की स्वीकृति के बाद शिक्षा विभाग में पदोन्नति आदेश जारी, जानिए किसे मिला नया दायित्व!

देहरादून। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति आदेश आखिरकार जारी कर दिए गए हैं। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को अपर शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नति प्रदान की है। आदेश के साथ ही सभी अधिकारियों को उनके नए दायित्व भी सौंप दिए गए हैं।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, गजेन्द्र सिंह सोन को अपर शिक्षा निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा), कुमायूं मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कुलदीप गैरोला को अपर शिक्षा निदेशक, निदेशालय प्रारंभिक शिक्षा का प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही वे अपर राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

इसके अलावा, शिव प्रसाद सेमवाल को अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा (कुमाऊं मंडल) पद पर पदोन्नत किया गया है, जबकि आनंद भारद्वाज को अपर शिक्षा निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है।

विद्यालयी सचिव रविनाथ रामन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी पदोन्नत अधिकारी तत्काल अपने नए पद का प्रभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण प्रमाणक शासन को भेजें।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा,

“वरिष्ठ अधिकारियों की यह पदोन्नति न केवल उनके अनुभव और कार्यकुशलता का सम्मान है, बल्कि इससे विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों आएंगी। राज्य सरकार सदैव कर्मचारियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रही है, और यह पदोन्नति उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है।”

इस निर्णय से विभाग में उत्साह का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि नई नियुक्तियों से शिक्षा प्रणाली में प्रशासनिक मजबूती, बेहतर समन्वय और कार्य निष्पादन में तेजी आएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.