गाजियाबाद। पश्चिम उत्तर प्रदेश को अलग राज्य का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज़ हो गई है। पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा ने घोषणा की है कि कल गाजियाबाद जनपद के बजैहड़ा में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मोर्चे के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संयोजक मंडल सदस्य धीरेंद्र प्रताप, जो उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं, ने बताया कि यह रैली “पश्चिम उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण आंदोलन” को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और न्याय की लड़ाई है।
रैली को मोर्चा संयोजक मंडल के सदस्य एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं सांसद डी.पी. यादव, पूर्व मंत्री संजय बालियान, मोर्चा अध्यक्ष सत्यपाल सिंह यादव, महामंत्री कर्नल सुधीर कुमार और मुख्य प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप संबोधित करेंगे।
धीरेंद्र प्रताप ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विधानसभा में पश्चिमी यूपी के 27 जिलों को मिलाकर एक अलग राज्य बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। उस समय भी यह कहा गया था कि इस क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियाँ राज्य के बाकी हिस्सों से भिन्न हैं, और यहां के लोगों के सर्वांगीण विकास में लगातार उपेक्षा बरती गई है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 78 वर्ष बाद भी पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोग उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और न्यायिक ढांचे में पिछड़ेपन का सामना कर रहे हैं। इसलिए अब अलग राज्य का गठन इस क्षेत्र की “अनिवार्य आवश्यकता” बन चुका है।
धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि मोर्चा राज्यभर में जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी क्रम में कल दोपहर 2:00 बजे बजैहड़ा में यह विशाल रैली आयोजित की जा रही है। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होकर “पश्चिम प्रदेश के निर्माण” के लिए सड़कों पर उतरने की अपील की।

