देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत शुक्रवार से अपने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और खिर्सू ब्लॉक मुख्यालय में लगभग डेढ़ दर्जन निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विद्यालयों में अधोसंरचना विकास कार्यों की नींव रखेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि उनके दौरे की शुरुआत खिर्सू ब्लॉक मुख्यालय से होगी, जहां वे विकासखण्ड के आवासीय भवनों के जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अतिरिक्त राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह, सुमाड़ी, नवाखाल, मरखोड़ा, देवलगढ़, कठूली, उल्ली तथा प्राथमिक विद्यालय कमेड़ा में सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की नींव रखी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री राजकीय इंटर कॉलेज कठूली में विज्ञान प्रयोगशाला और पेयजल टैंक निर्माण कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे सुमाड़ी-खण्डाह मोटरमार्ग से खल्लू तक सड़क मार्ग, जलेथा व मसूड़ गांव के संपर्क मार्ग और कोठगी में पेयजल टैंक निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रावत खिर्सू ब्लॉक के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत सदस्यों के सम्मान समारोह में भाग लेंगे। साथ ही वे ब्लॉक विकास समिति (BDC) की बैठक में शामिल होकर विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री राजकीय महाविद्यालय खिर्सू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे ताकि परियोजनाओं की गुणवत्ता और गति का आकलन किया जा सके।
शनिवार को डॉ. रावत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय, चौरास परिसर में आयोजित 46वें आईआईजी वार्षिक अधिवेशन में प्रतिभाग करेंगे। वे इस अवसर पर विधायक निधि से स्वीकृत हाईटेक एम्बुलेंस को विश्वविद्यालय को सौंपेंगे ताकि चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।
इसके अलावा, वे राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान मंत्री श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क करेंगे और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करना है।