After Header-1

रुद्रपुर में बीआईएस का मानक महोत्सव: उद्योग, शिक्षा और सरकार ने मिलकर दिया ‘सतत विकास’ का संदेश

300×250 ADS-1

रुद्रपुर। विश्व मानक दिवस-2025 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून शाखा द्वारा मंगलवार को “मानक महोत्सव” का आयोजन रुद्रपुर स्थित होटल रेडिसन ब्लू में भव्य रूप से किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी-17) – “लक्ष्य प्राप्ति में सामूहिक साझेदारी” की भावना को आगे बढ़ाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट (नैनीताल–उधम सिंह नगर) एवं केंद्रीय मंत्री रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मानक किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का आधार होते हैं। उद्योग जगत को ‘लोकल के लिए वोकल’ के मंत्र को अपनाना चाहिए, जिससे भारतीय उत्पाद विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।”

श्री भट्ट ने बीआईएस द्वारा चांदी की हॉलमार्किंग में एचयूआईडी प्रणाली को शामिल करने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे आभूषण उद्योग में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने बीआईएस से आग्रह किया कि वह अपने कार्यक्रमों और योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे, ताकि अधिक से अधिक उद्योग मानकीकरण से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री विपिन कुमार (महाप्रबंधक, डीआईसी), श्री श्रीकर सिन्हा (अध्यक्ष, सिडकुल एसोसिएशन), श्री के.सी. सत्यावली (अध्यक्ष, सितारगंज एसोसिएशन), श्री संदीप गुप्ता (अध्यक्ष, यूपी-उत्तराखंड प्लाई एसोसिएशन), और श्री नवीन वर्मा (अध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल) मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

बीआईएस देहरादून शाखा के निदेशक सौरभ तिवारी ने कहा कि संस्था उद्योग, उपभोक्ता और सरकार के बीच साझेदारी को मज़बूत करते हुए देश में गुणवत्ता मानकों को लागू करने के लिए सतत प्रयासरत है।

कार्यक्रम में वी-गार्ड इंडस्ट्रीज़, करम सेफ्टी प्रा. लि., और ग्रीनपैनल लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि कैसे वे मानकीकरण और साझेदारी के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर बीआईएस स्टैंडर्ड क्लब के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, समूह नृत्य और नुक्कड़ नाटक के जरिए “गुणवत्ता और मानकों के महत्व” पर प्रेरक संदेश दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्र की 150 से अधिक औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन में बीआईएस ने सभी प्रतिभागियों को “शुद्धता की प्रतिबद्धता के साथ देश के विकास” के मिशन से जुड़ने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.