मोदी बोले- संघ की प्राथमिकता हमेशा राष्ट्र रही है, 100 रुपये का सिक्का और डाक टिकट जारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष पर आयोजित समारोह में कहा कि संघ की प्राथमिकता हमेशा देश की प्राथमिकता रही है। यह कार्यक्रम राजधानी के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित हुआ, जहां पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संघ ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं में आस्था रखी और समाज के हर संकट में सेवा कार्य किया है। उन्होंने विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना को राष्ट्र चेतना का पुनरुत्थान बताते हुए कहा कि यह संगठन सदैव राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा रहा है।

पीएम मोदी ने संघ द्वारा प्रस्तावित ‘पंच परिवर्तन’ की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें **स्वबोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक शिष्टाचार और पर्यावरण संरक्षण** शामिल हैं। यह संकल्प हर स्वयंसेवक को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की दिशा देता है।

उन्होंने कहा कि कई बार संघ को मुख्यधारा से दूर रखने के प्रयास हुए, यहां तक कि दूसरे सरसंघचालक गुरुजी गोलवलकर को जेल भी भेजा गया, लेकिन स्वयंसेवकों ने कभी रोष नहीं दिखाया और सेवा भावना से कार्य जारी रखा।

प्रधानमंत्री ने संघ की तुलना नदी से करते हुए कहा कि जैसे नदी सभ्यता को पोषित करती है, वैसे ही संघ ने समाज को मजबूत करने का कार्य किया है। शाखा को उन्होंने “व्यक्ति निर्माण की प्रेरणा भूमि” बताया।

कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भी संबोधित किया और कहा कि संघ का जीवन व्रत समाज की सक्रियता और पुरुषार्थ को जागृत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ किसी प्रमाणपत्र की अपेक्षा नहीं करता और न ही प्रतिक्रिया में कार्य करता है, बल्कि राष्ट्र कल्याण को ही अपना ध्येय मानता है।

समारोह में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। पीएम मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को महानवमी और दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.