सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने सोमवार रात राजधानी दून में माहौल गरमा दिया। मामला गंभीर होता देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटेलनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के नबी के खिलाफ एक युवक ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसका स्क्रीनशॉट जैसे ही चौकी प्रभारी बाजार **प्रमोद शाह** के पास पहुंचा, उन्होंने बिना देर किए कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान **गुलशन पुत्र वीर सिंह (19), निवासी ब्रह्मपुरी थाना पटेलनगर** के रूप में की है। पूछताछ में पता चला कि गुलशन मूल रूप से **ग्राम सरोना, थाना बिलग्राम, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश)** का रहने वाला है।
इस घटना के विरोध में देर रात समुदाय विशेष के लोग पटेलनगर इलाके में एकत्र होने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को तीतर-बीतर किया और शांति बनाए रखने के लिए इलाके में सघन कांबिंग शुरू कर दी। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
**वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह** ने स्पष्ट किया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और जरूरत पड़ने पर कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को आगे न बढ़ाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

