स्वच्छता में आठ बार देश का नंबर वन खिताब पाने वाले इंदौर शहर की व्यवस्था इन दिनों चूहों के आतंक से सवालों के घेरे में है। हाल ही में प्रदेश के सबसे बड़े एमवाय अस्पताल में एनआईसीयू में भर्ती दो नवजात शिशुओं की चूहों द्वारा कुतरे जाने से मौत का मामला सुर्खियों में रहा। इस घटना की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर यात्री को चूहे के काटने का मामला सामने आया है।
मंगलवार को भोपाल निवासी अरुण मोदी अपनी पत्नी के साथ इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु जाने पहुंचे थे। फ्लाइट में समय होने के कारण वे डिपार्चर हॉल में आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक चूहा उनकी पैंट में घुस गया और घुटने के पीछे काट लिया। घबराए यात्री ने शोर मचाया तो एयरपोर्ट स्टाफ मौके पर पहुंचा और उन्हें मेडिकल कक्ष ले जाया गया।
यात्री अरुण मोदी का आरोप है कि एयरपोर्ट के मेडिकल रूम में न तो रेबीज का इंजेक्शन था और न ही टिटनेस। एयरपोर्ट मैनेजर के हस्तक्षेप के बाद ही टिटनेस का टीका लगाया जा सका, जबकि रेबीज का इंजेक्शन उन्हें बेंगलुरु पहुंचकर लगवाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों वाले एयरपोर्ट पर इतनी बुनियादी सुविधा का न होना बेहद चिंताजनक है।
इससे पहले भी यात्री एयरपोर्ट पर चूहों, मच्छरों, कॉकरोच और गंदगी की शिकायत कर चुके हैं। हाल ही में वॉशरूम की गंदगी और फूड कोर्ट के पास चूहों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जबकि एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार स्वच्छता और यात्री सुविधाओं के दावे करता रहा है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर विपिनकांत सेठ का कहना है कि यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और पेस्ट कंट्रोल दोबारा कराया गया है। cages भी लगाए गए हैं और मेडिकल स्टाफ को कड़ी हिदायत दी गई है।
गौरतलब है कि एयरपोर्ट हाल ही में एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे में टॉप-3 में शामिल हुआ था, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतें और अब यात्री के चूहे से घायल होने की घटना ने सुरक्षा और सफाई व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी है।

