रुड़की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद **महेंद्र भट्ट** ने अपनी नई टीम की विधिवत घोषणा कर दी है। इस टीम में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां देकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
हरिद्वार जनपद से भाजपा को विशेष प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व कैबिनेट मंत्री **स्वामी यतीश्वरानंद** को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रुड़की निवासी **राकेश गिरी** को भी नई टीम में शामिल किया गया है। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार हरिद्वार जनपद से किसी नेता को भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। यह जिम्मेदारी रुड़की नगर के समीपवर्ती ग्राम लाठरदेवा निवासी **अनीस गौड़** को दी गई है।
स्वामी यतीश्वरानंद और राकेश गिरी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। वहीं, अनीस गौड़ भी वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व में प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री के पद पर रहते हुए अल्पसंख्यक वर्ग, खासकर मुस्लिम समाज को भाजपा से जोड़ने के लिए लगातार मेहनत की। उनके इसी योगदान के चलते पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का पद देकर सम्मानित किया है।
अनीस गौड़ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर गाड़ा बिरादरी में खुशी की लहर है। जनपद हरिद्वार में मुस्लिम समाज में झोजा बिरादरी के बाद गाड़ा बिरादरी की सबसे बड़ी संख्या है, और यह बिरादरी शुरू से ही भाजपा की समर्थक मानी जाती है। यही कारण है कि इस नियुक्ति से न केवल बिरादरी में उत्साह है, बल्कि पूरे मुस्लिम समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी हर्ष का माहौल है।
भाजपा की नई टीम में वरिष्ठ नेताओं को स्थान मिलने से हरिद्वार जनपद में पार्टी को मजबूती मिलेगी। साथ ही, आगामी विधानसभा चुनावों में भी इन नेताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नियुक्तियों से भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा।