नेपाल में सोशल मीडिया बैन पर भड़का विरोध, भारतीय सीमा पर बढ़ी सुरक्षा

चंपावत (उत्तराखंड)। नेपाल में फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध के खिलाफ उठी नाराजगी अब सीमांत क्षेत्रों तक पहुंच गई है। मंगलवार को नेपाल के **ब्रह्मदेव मंडी** में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरा बाजार बंद रहा और लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोशल मीडिया पर रोक लगाना जनता की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है। भ्रष्टाचार और सरकार के एकतरफा फैसलों से नाराज लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व **ब्रह्मदेव बाजार प्रबंधन समिति के सचिव यज्ञ राज भट्ट** ने किया। बाजार बंद रहने से आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नेपाल की राजधानी काठमांडू से शुरू हुआ यह विरोध अब सीमांत इलाकों तक फैलने लगा है। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। चंपावत जिले में भारत-नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी की जा रही है।

**पुलिस अधीक्षक अजय गणपति** ने जानकारी दी कि सीमा पर **पुलिस और एसएसबी** की संयुक्त टीम गश्त, चेकिंग और कांबिंग कर रही है। सुरक्षा बलों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।

गौरतलब है कि नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाए जाने के बाद से ही विभिन्न क्षेत्रों में विरोध तेज हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल आम लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित होगी, बल्कि नेपाल की डिजिटल और व्यापारिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

सीमा क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.