मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के अटलाकोमुल्को शहर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क-दुर्घटना हुई, जिसमें मालगाड़ी और डबल डेकर यात्री बस की टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 41 लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह लगभग 7 बजे (ब्रिटिश समयानुसार दोपहर 2 बजे) राजधानी मेक्सिको सिटी से करीब 130 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम स्थित औद्योगिक क्षेत्र की रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस दो हिस्सों में बंट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज जैसे वीडियो में देखा जा सकता है कि बस धीरे-धीरे पटरियों को पार कर रही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई और बस को बीच से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पटरियों के पास और पिछला हिस्सा दूसरी ओर जाकर पलट गया।
मेक्सिको राज्य की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने पुष्टि की है कि मृतकों में सात महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं। राज्य अभियोजक कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के चश्मदीद मिगुएल सांचेज़ ने बताया कि उन्होंने क्रॉसिंग से पहले ट्रेन का हॉर्न सुना था, लेकिन भारी ट्रैफिक के बीच बस समय पर पटरियों से नहीं निकल पाई।
मेक्सिको की कैनेडियन पैसिफिक कैनसस सिटी ट्रेन कंपनी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उसके कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और अधिकारी जांच में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही, कंपनी ने ड्राइवरों से रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा संकेतों का सम्मान करने की अपील की।
ध्यान देने योग्य है कि मेक्सिको में रेलवे क्रॉसिंग हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2022 में ऐसे 800 हादसे दर्ज हुए थे, जबकि 2020 में इनकी संख्या 602 थी। हाल ही में गुआनाजुआतो राज्य में ट्रेन से टकराने पर छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2019 में क्वेरेटारो में ऐसी ही दुर्घटना में नौ लोग मारे गए थे।