गुरप्रीत बने हीरो, पेनल्टी शूटआउट में भारत की ओमान पर पहली बड़ी जीत

नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल टीम ने ताजिकिस्तान के हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में ओमान को हराकर सीएएफए नेशंस कप 2025 में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब भारत ने वेस्ट एशिया की इस मजबूत और उच्च रैंकिंग वाली टीम को हराया है।

निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। भारत की ओर से उदांता सिंह ने शानदार गोल दागकर टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद मैच पेनल्टी शूटआउट में गया, जहां खेल का असली रोमांच देखने को मिला।

पेनल्टी शूटआउट में भारत के लिए लालियानजुआला छांगते, राहुल भेके और जितिन एमएस ने सटीक गोल दागे। हालांकि अनवर अली और उदांता अपने प्रयासों में असफल रहे। दूसरी ओर, ओमान ने शुरुआती दो मौके गंवा दिए। आखिरी और निर्णायक पेनल्टी पर भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू दीवार बनकर खड़े हो गए और शानदार बचाव कर भारत को 3-2 से जीत दिला दी।

गौरतलब है कि भारत और ओमान के बीच 2000 के बाद से अब तक नौ मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से छह बार भारत को हार झेलनी पड़ी थी, जबकि मार्च 2021 में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं और मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था। इस लिहाज से यह जीत भारतीय फुटबॉल इतिहास में बेहद खास मानी जा रही है।

इस प्रतियोगिता में भारत और ओमान ने अपने-अपने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया था, जिसके बाद उन्हें तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने उतारा गया। भारतीय टीम की इस जीत से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा हुआ है, बल्कि एशियाई फुटबॉल में भारत की साख भी मजबूत हुई है।

भारतीय खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने इस जीत को मेहनत, टीम वर्क और धैर्य का नतीजा बताया। प्रशंसकों का मानना है कि यह सफलता भारतीय फुटबॉल के लिए नए युग की शुरुआत हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.