देहरादून। महानगर स्कूल वैन एसोसिएशन, देहरादून ने स्कूल वैनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस लगाने की अनिवार्यता का कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष उमा नरेश तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वैन चालकों का एक प्रतिनिधिमंडल संभागीय परिवहन अधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में वैनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस लगाने का जो निर्णय लिया गया है, वह वैन चालकों और संचालकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल रहा है। पहले से ही टैक्स और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में नए उपकरण लगाने से आर्थिक दबाव और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि स्कूल वैनें पहले से ही निर्धारित मानकों के अनुसार चल रही हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
वैन चालकों का कहना है कि इन उपकरणों को लगाने से न केवल खर्चा बढ़ेगा बल्कि तकनीकी खराबियों के कारण वाहन संचालन में दिक्कतें भी आएंगी। अधिकांश वैन चालक पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह निर्णय व्यावहारिक नहीं है और चालक-मालिकों के हितों के खिलाफ है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी इस मांग पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री मनोज कुमार, डिंपल, विमल कुमार, यमन, मनीराम, राजेश शर्मा, पवन कुमार, आशीष शर्मा रिंकू, विनोद शर्मा, अरुण कुमार, भरत सिंह, सन्नी कुमार, संजीव, अजय चौहान, विनोद रावत, विकास पाल, भास्कर दुबे, नईम, राजकुमार शर्मा, संतोष नेगी, मंजीत सेठी, सतपाल बिष्ट, जनेश्वर प्रसाद, सचिन कुमार और सुनील कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।