देहरादून। राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला, देहरादून में तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसमें मौजूद जहरीले रसायन कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी बीमारियों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि न केवल तंबाकू सेवन करने वाला व्यक्ति बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोग भी इसके दुष्प्रभाव झेलते हैं। इसलिए तंबाकू से दूर रहना ही एक स्वस्थ भविष्य का आधार है।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज में जागरूकता फैलाना समय की जरूरत है। हमें स्वयं तंबाकू से दूर रहना चाहिए और अपने मित्रों व परिवारजनों को भी इसके नुकसान के बारे में बताना चाहिए। उन्होंने सभी से मिलकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक आनंद सिंह रावत और मनमोहन बहुगुणा ने विद्यार्थियों संग रैली का आयोजन किया। हाथों में जागरूकता से जुड़े स्लोगन और बैनर लिए छात्र-छात्राओं ने डोभालवाला क्षेत्र की गलियों और मोहल्लों में भ्रमण किया। “तंबाकू छोड़ो, जीवन संवारो” जैसे संदेशों ने आम जनमानस को गहरा प्रभाव डाला।
कार्यक्रम में दुष्यंत कुमार, रमेश चंद्र, प्रेम चंद सुंदरियाल, त्रिभुवन सिंह नेगी, लोका नंद जोशी, डॉ. शरद चंद्र बडोनी सहित बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल की सराहना की और छात्रों की जागरूकता मुहिम का स्वागत किया।
तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर तंबाकू जैसी बुरी आदतों के खिलाफ खड़ा होना होगा।
