सत्यनारायण मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार
री भोई(मेघालय)। मेघालय की असम से लगी खूबसूरत पहाड़ियों में संचालित “यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मेघालय” (यूएसटीएम) ने शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह के साथ अपनी विशिष्ट शैक्षणिक उपलब्धि का जश्न मनाया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में यूएसटीएम ने लगातार चौथे वर्ष भारत के शीर्ष 200 विश्वविद्यालयों (151-200 बैंड) में अपनी जगह बनाए रखी। यह पूर्वोत्तर भारत का एकमात्र निजी विश्वविद्यालय है जो इस प्रतिष्ठित श्रेणी में शामिल है।
समारोह के मुख्य अतिथि और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति महबूबुल हक़ ने एनआईआरएफ मूल्यांकन की कठिन प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने गर्व जताया कि यूएसटीएम ने अपनी राष्ट्रीय रैंकिंग को बरकरार रखा, जबकि कई अन्य विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में उतार-चढ़ाव देखा गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. जीडी शर्मा और पद्मश्री डॉ. सरबेश्वर सहरिया, प्रो-वाइस चांसलर के अलावा विभिन्न स्कूलों के डीन, फैकल्टी सदस्य और 6000 से अधिक छात्रों ने उत्साह और गर्व के साथ हिस्सा लिया।