नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार शाम से पहुंच रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अहमदाबाद, गांधीनगर और मेहसाणा जिले इस दौरे का मुख्य केंद्र रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार शाम 6 बजे अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां वे रोड शो करेंगे और निकोल इलाके के खोडलधाम मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गांधीनगर राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन यानी 26 अगस्त को प्रधानमंत्री अहमदाबाद के हंसलपुर पहुंचेंगे। यहां वे हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 100 देशों के लिए बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात को हरी झंडी देंगे। इसे भारत के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसमें 530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 65 किलोमीटर लंबी महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, 860 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 37 किलोमीटर कलोल-कड़ी-कटोसन रोड रेल लाइन और 40 किलोमीटर लंबी बेचराजी-रानुज रेल लाइन का गेज परिवर्तन शामिल है। इन परियोजनाओं से उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा गुजरात के लिए आर्थिक, औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। रेलवे परियोजनाओं से जहां यात्रियों और उद्योगों को सीधी राहत मिलेगी, वहीं बैटरी उत्पादन और निर्यात से भारत ग्रीन एनर्जी और ई-मोबिलिटी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करेगा।
दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी 26 अगस्त की दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।