देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 22 अगस्त 2025 दोपहर 2:05 बजे से लेकर 23 अगस्त 2025 दोपहर 2:05 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बहुत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इनमें कोटद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री, काशीपुर, केदारनाथ, जोशीमठ, मसूरी, मुनस्यारी, लोहाघाट, रानीखेत और खटीमा जैसे क्षेत्रों में विशेष रूप से सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
भारी बारिश के चलते भूस्खलन, नदी-नालों के उफान और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें।
पर्यटन स्थलों जैसे मसूरी, केदारनाथ और जोशीमठ में पर्यटकों को भी सतर्क रहने और मौसम की जानकारी लगातार अपडेट लेने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, ऐसे में खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और ऊँचाई वाले स्थानों पर जाने से बचें।
प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में तैनात रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू करें।