थलीसैंण में हादसा: खाई में गिरकर शिक्षक की दर्दनाक मौत

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बनाणी के पास एक शिक्षक गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।

थलीसैंण थानाध्यक्ष सुनील रावत ने बताया कि ग्राम बनाणी, ग्रामसभा मंझोली पट्टी ढाईज्यूली क्षेत्र में एक व्यक्ति के चट्टान से नीचे गदेरे में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जब व्यक्ति को गदेरे से बाहर निकाला गया तो वह मृत अवस्था में पाया गया।

मृतक की पहचान 44 वर्षीय देवेंद्र लाल पुत्र पानू लाल निवासी ग्राम कंडारा, विकासखंड अगस्तमुनि, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई। देवेंद्र लाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनाणी में बतौर अध्यापक कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही विद्यालय के प्रधानाचार्य और मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग, विद्यालय के अध्यापक और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। सभी की मौजूदगी में पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मृतक शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ग्रामवासियों और सहकर्मियों के अनुसार, देवेंद्र लाल मेहनती और मिलनसार स्वभाव के शिक्षक थे। उनके असामयिक निधन से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस प्रशासन ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया है कि पूरी घटना की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.