प्रेमिका ने रचि साजिश, प्रेमी की नहर किनारे हुई दर्दनाक मौत

हरिद्वार जिले में प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। प्रेमिका ने अपने साथियों संग मिलकर प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया था। इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने प्रेमिका और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि 13 अगस्त को चन्द्रपुरी राणा चौक निवासी एक व्यक्ति ने अपने 18 वर्षीय बेटे दीपक रावत की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दीपक 10 अगस्त की रात करीब 8 बजे बाइक लेकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन भी बंद मिला।

जांच में सामने आया कि दीपक का प्रेम प्रसंग मकतूलपुरी निवासी नाबालिग किशोरी से चल रहा था। किशोरी शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार वालों ने उम्र कम होने की वजह से रिश्ता मंजूर नहीं किया। धीरे-धीरे दीपक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इस बीच किशोरी की दोस्ती गाजियाबाद निवासी राजा शर्मा उर्फ सुखविंदर से हो गई। जब राजा को दीपक के पुराने रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने दीपक को दूर रहने की चेतावनी दी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि किशोरी ने दीपक पर संबंध बनाने का दबाव डाला और जब दीपक पीछे हटने लगा तो उसने राजा को सबकुछ बता दिया। इसके बाद राजा ने अपने दोस्तों संग दीपक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 10 अगस्त को युवती ने दीपक को अपनी मौसी के घर मोदीनगर छोड़ने के बहाने बुलाया। वहां राजा और उसके दो साथी मिले और रात करीब 1 बजे छोटा हरिद्वार नहर पटरी पर ले जाकर दीपक की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव नहर में फेंक दिया गया और बाइक लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने किशोरी और उसके साथी मोहसीन को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर दीपक का शव हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.