देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। गंगा, यमुना, गोमती, सरयू, अलकनंदा समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान के पास बह रही हैं। मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
नदियों के किनारे स्थित आवासीय इलाकों में प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कई जगहों पर घर खाली कराए जा रहे हैं और पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को चेतावनी दे रही है। देहरादून की बिंदाल, टौंस, रिस्पना और सौंग नदियों के किनारे रहने वालों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। गाइडलाइन के मुताबिक, अधिकारी और कर्मचारी अपने क्षेत्रों में तैनात रहेंगे और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे। राजमार्ग, ग्रामीण सड़कों और सीमा सड़कों को बंद होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था की जाएगी।
चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। मोबाइल फोन हमेशा चालू रखने और आवश्यक सामग्री जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट आदि साथ रखने को कहा गया है। फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और मेडिकल सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
पर्यटकों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्कूलों में भी बच्चों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने के निर्देश हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवधि में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी भी आपदा की सूचना राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1070 या अन्य हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत दें।