देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि आगामी स्वतंत्रता दिवस पर हर घर, कार्यालय और दुकान पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा अवश्य फहराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज एक जन-जन का महाअभियान बन चुका है। उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की स्वतंत्रता, एकता और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। तिरंगा हमें देश के उन वीर सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी जान देकर हमें आज़ादी दिलाई।
श्री धामी ने कहा कि तिरंगा हमारे लिए सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी आत्मा, हमारी पहचान और हमारी गौरवगाथा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि 15 अगस्त के अवसर पर तिरंगे को घर-घर पहुंचाकर हम सबको इस राष्ट्रभक्ति के महापर्व में शामिल होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि लोग तिरंगा फहराने के साथ उसकी फोटो खींचकर harghartiranga.com पर साझा करें, ताकि इस अभियान की गूंज डिजिटल माध्यम से भी देश-विदेश में पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक स्मरणीय क्षण होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संकल्प लिया और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।