उत्तराखंड में होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन पदों के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। यह सूची प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने सार्वजनिक की।
धस्माना ने बताया कि सूची को तैयार करने से पहले सभी वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों से गहन चर्चा की गई। सर्वसम्मति से तय किए गए नामों को ही सूची में शामिल किया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घोषित उम्मीदवारों में नैनीताल से पुष्पा नेगी, उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी विष्ट, पौड़ी से दीपिका इस्टवाल, रुद्रप्रयाग से प्रीति पुष्पवान और अल्मोड़ा से सुनीता कुंजवाल शामिल हैं। ये सभी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार हैं।
वहीं ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पार्टी ने विकास खंड अगस्त्यमुनि से गायत्री देवी, जखोली से विनीता चमोला, गैरसैंण से सुमति बिष्ट, कर्णप्रयाग से माहेश्वरी देवी, थराली से प्रवीण पुरोहित, पोखरी से राजी देवी और जोशीमठ से अनूप नेगी को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है।
सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि यह पहली सूची है और जल्द ही अन्य जिलों के लिए दूसरी सूची भी जारी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। इस घोषणा के साथ कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर अपनी रणनीतिक शुरुआत कर दी है, जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।