धराली आपदा: 6वें दिन राहत अभियान में आई नई चुनौती, सरकार की ये तैयारी चौंकाएगी

देहरादून।उत्तरकाशी जिले में धराली आपदा का आज छठवां दिन है और राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। हालांकि खराब मौसम के चलते शनिवार सुबह 10 बजे तक हवाई सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। मातली से हर्षिल और वापसी की उड़ानें बाद में शुरू हो पाईं। सरकार अब हेली सेवाओं की सुरक्षा और संचालन में मदद के लिए  वेदर ऑब्जर्वेशन फ्लाइट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिससे विजिबिलिटी की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

धराली क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में हेलीकॉप्टरों की बड़ी भूमिका बनी हुई है। मातली हेलीपैड से हर्षिल तक अब तक 260 से अधिक हवाई फेरे लगाए जा चुके हैं। प्रभावितों को राहत सामग्री पहुंचाने और उन्हें वापस सुरक्षित स्थानों तक लाने का क्रम जारी है। फिलहाल 8 हेलीकॉप्टर मातली से और चिन्यालीसौड़ से सेना के चिनूक, एमआई, एएलएच और चीता हेलीकॉप्टर रेस्क्यू अभियान में जुटे हैं।

धराली, हर्षिल, गंगोत्री, बगौरी, जसपुर और झाला जैसे इलाकों से फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। अब तक 14 घायल लोगों का इलाज चल रहा है—3 को एम्स ऋषिकेश, 2 देहरादून और बाकी को उत्तरकाशी जिला अस्पतालों में भर्ती किया गया है।

इस बीच तेलगाडा गाड़ के पास मलबा जमा होने से भागीरथी नदी पर बनी झील चिंता का विषय बनी हुई है। जिलाधिकारी ने बताया कि झील के पानी को धीरे-धीरे डिस्चार्ज किया जाएगा ताकि निचले क्षेत्रों को खतरा न हो।

गंगोत्री हाईवे के जलमग्न हिस्से को खोलने के लिए बीआरओ और पीडब्ल्यूडी की टीमें युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भरोसा दिलाया है कि मंगलवार तक धराली तक वाहन सेवा शुरू हो जाएगी।

मौसम विभाग ने चार जिलों—बागेश्वर, देहरादून, चमोली और पिथौरागढ़—में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.