मुख्यमंत्री ने हर्षिल-धराली आपदा क्षेत्र में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के दिए निर्देश
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद के हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने की घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए तत्काल प्रभाव से कई अहम निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए हर एक व्यक्ति की जान अमूल्य है और किसी भी हाल में प्रभावितों को असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने अपने आंध्र प्रदेश दौरे को तत्काल निरस्त कर मंगलवार शाम को देहरादून स्थित आईटी पार्क आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी सहित संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:
शैक्षणिक और अन्य संस्थान बंद: प्रभावित क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों को बंद करने के निर्देश शिक्षा विभाग एवं जिलाधिकारी को दिए गए।
रहने, भोजन और दवाओं की व्यवस्था: प्रभावित लोगों के लिए होटल, होमस्टे आदि में रहने, खाने और दवाइयों की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि जरूरत पड़े तो होटलों को अधिग्रहित किया जाए।
संचार और विद्युत व्यवस्था बहाल: मुख्यमंत्री ने संचार नेटवर्क एवं विद्युत आपूर्ति मंगलवार रात तक बहाल करने के निर्देश दिए हैं। यूपीसीएल एमडी से व्यक्तिगत तौर पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हेलीकॉप्टर और एयरलिफ्ट सुविधा: सेना से अतिरिक्त हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर की सहायता से प्रभावितों को एयरलिफ्ट करने एवं राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
नोडल अधिकारियों की तैनाती
डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, श्री अभिषेक रोहिल्ला एवं श्री गौरव कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अपर सचिव श्री विनीत कुमार को तत्काल उत्तरकाशी में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे को शासन स्तर से नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
सुरक्षित स्थानों पर रेस्क्यू: SDRF, ITBP और जिला प्रशासन की टीमों द्वारा अब तक 130 से अधिक लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
सड़क मार्ग और पोस्टमार्टम व्यवस्था: नेताला में अवरुद्ध मार्ग को मंगलवार रात 8 बजे खोल दिया गया है। पोस्टमार्टम और प्राथमिक चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था मौके पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत शिविर और सामग्री: प्रभावितों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था स्कूलों और होटलों में की जाए। खाने के पैकेट एयरड्रॉप किए जाएं, साथ ही बिस्तर, कंबल एवं कपड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुआवजा और पुनर्वास: मुख्यमंत्री ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने परिजन खोए हैं, उनके जीवन यापन की पूरी जिम्मेदारी सरकार की है।
अधिकारियों की टीम रवाना: बुधवार सुबह विभिन्न विभागों के सचिवों की एक टीम धराली-हर्षिल क्षेत्र के लिए रवाना की जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, डीजीपी श्री दीपम सेठ, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री पंकज पांडे, गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे सहित सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।