“हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और फिलीपींस राष्ट्रपति की बड़ी बैठक!”

नई दिल्ली। भारत और फिलीपींस के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर भारत के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन वे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग, रक्षा, व्यापार और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। उम्मीद है कि वार्ता के बाद कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिससे भारत-फिलीपींस संबंधों को नई दिशा मिलेगी।

फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस आज सुबह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे।

इससे पहले सोमवार को भारत आगमन पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मार्कोस से मुलाकात की थी। जयशंकर ने उन्हें भारत-फिलीपींस संबंधों को मजबूत करने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

अपने पांच दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रपति मार्कोस बेंगलुरु भी जाएंगे, जहां वे भारतीय उद्योगपतियों और तकनीकी विशेषज्ञों से मिलेंगे। यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अहम है बल्कि दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी को भी मजबूत करने में मदद करेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भूमिका को और मजबूत करेगा और दोनों देशों के बीच रक्षा और तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाई देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.