उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मुख्तार अंसारी परिवार चर्चा में है। इस बार मामला उनके छोटे बेटे उमर अंसारी से जुड़ा है। गाजीपुर पुलिस ने रविवार देर रात लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारूलशफा इलाके से उमर अंसारी को हिरासत में लेकर गाजीपुर रवाना कर दिया। उस पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अदालत में दाखिल करने का गंभीर आरोप है।
गाजीपुर के एसपी के मुताबिक, उमर अंसारी ने अपनी मां और मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर करके अदालत में एक याचिका दाखिल की थी। यह याचिका गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई संपत्ति को छुड़वाने के लिए दी गई थी। मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों की असलियत सामने आई, जिससे पता चला कि दस्तखत फर्जी हैं। आफ्शा अंसारी पर पहले से ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह फरार चल रही हैं।
इस फर्जीवाड़े का खुलासा होते ही गाजीपुर के मुहम्मदाबाद थाने में उमर अंसारी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया गया। उसी के तहत रविवार रात पुलिस ने लखनऊ पहुंचकर उमर को हिरासत में लिया और गाजीपुर ले गई। उमर से पूछताछ के बाद उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।
बता दें कि मुख्तार अंसारी का परिवार पहले से ही कई मामलों में कानूनी शिकंजे में है। मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे अब्बास अंसारी को भी हाल ही में मऊ से जुड़े एक मामले में दो साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि वह जमानत पर बाहर हैं, लेकिन उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है।
मुख्तार अंसारी की मृत्यु के बाद भी उनका परिवार लगातार विवादों में बना हुआ है। उमर अंसारी की यह गिरफ्तारी राजनीतिक गलियारों में हलचल का कारण बनी हुई है। साथ ही, पुलिस अब फरार चल रही आफ्शा अंसारी की तलाश में और तेज़ी से जुट गई है।