रुद्रप्रयाग को फिर मिलेगी महिला अध्यक्ष! जानिए इस बार कौन बन सकती है चेहरा
जिला पंचायत में महिला नेतृत्व की हैट्रिक! रुद्रप्रयाग में तीसरी बार महिला अध्यक्ष तय
रुद्रप्रयाग: जिला पंचायत अध्यक्ष का पद रुद्रप्रयाग में लगातार तीसरी बार महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है, जिससे जिले में महिला नेतृत्व को एक बार फिर मजबूती मिलने जा रही है। इस बार 18 सदस्यीय जिला पंचायत में 9 महिलाएं निर्वाचित होकर आई हैं, जिनमें से दो भाजपा और एक कांग्रेस अधिकृत हैं, जबकि छह महिलाएं निर्दलीय जीतकर आई हैं।
उत्तराखंड शासन ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष का पद फिर से महिला के लिए आरक्षित कर दिया है। गौरतलब है कि वर्ष 2019 में पौड़ी, चमोली और टिहरी जिले के सीमांत क्षेत्रों को मिलाकर रुद्रप्रयाग जिले का गठन हुआ था। पहले जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाधर नौटियाल बने थे।
इसके बाद केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रही शैलारानी रावत को रुद्रप्रयाग की पहली महिला जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त हुआ। 2014 में बजीरा सीट से कांग्रेस समर्थित लक्ष्मी राणा ने यह पद संभाला और उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा।
2019 में जब बजीरा सीट एससी महिला के लिए आरक्षित हुई, तब भाजपा समर्थित अमरदेई शाह निर्वाचित होकर जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। हालांकि दो साल बाद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बाद में पुनः वह अध्यक्ष बनीं और अपना कार्यकाल पूरा किया।
अब एक बार फिर यह पद महिला आरक्षण में चला गया है और जिले को लगातार चौथी महिला अध्यक्ष मिलने जा रही है। वर्तमान में भाजपा से पांच सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं। ऐसे में सियासी जोड़-घटाव शुरू हो गए हैं कि अगली अध्यक्ष किस दल या गुट से होगी।