CMO हसन शाह की स्कॉर्पियो से हादसा! एक युवक एम्स रेफर, शराब में धुत होने का खुलासा
ड्यूटी छोड़ परिवार संग निकले CMO ने की टक्कर! कार में लगी आग, मामला दर्ज
रुद्रप्रयाग: चमोली जनपद के प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. मोहम्मद शाह हुसैन एक गंभीर सड़क हादसे में फंस गए हैं। उन पर नशे की हालत में वाहन चलाने, लापरवाही से दो युवकों को टक्कर मारने और दुर्घटना के बाद घायलों की स्थिति और बिगाड़ने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे CMO शाह अपनी स्कॉर्पियो से रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे। उनके साथ पत्नी और बेटी भी थीं। वह बिना किसी आधिकारिक सूचना के मुख्यालय गोपेश्वर से निकले थे। रास्ते में तिलणी के पास मोनाल होटल के पास उन्होंने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक पर लदोली गांव निवासी संयम चौधरी और गौरव कुमार सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 200 मीटर तक स्कॉर्पियो के नीचे घिसटती चली गई। हादसे में गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से आग लग चुकी स्कॉर्पियो को बुझाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो सीएमओ हसन शाह नशे में पाए गए। मेडिकल रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि हुई है।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि प्रभारी CMO के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, प्रशासन भी इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
यह घटना स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही और अफसरशाही के रवैये पर सवाल खड़े करती है।