कुलगाम मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, दो-तीन की तलाश अभी भी जारी—जाने पूरा अपडेट
कुलगाम में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल में घेराबंदी के बीच ढेर हुआ आतंकी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल क्षेत्र में शुक्रवार शाम से शुरू हुए एक बड़े सर्च ऑपरेशन में भारतीय सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आतंकी को मुठभेड़ में मार गिराया है, जबकि इलाके में दो से तीन अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका बनी हुई है।
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने अचानक सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।
इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकी के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके।
कुलगाम में हो रही इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों से दूरी बनाकर अंजाम दिया जा रहा है, ताकि किसी भी नागरिक को नुकसान न पहुंचे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अन्य छिपे आतंकियों की पहचान और ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।
इस ऑपरेशन को कश्मीर घाटी में शांति स्थापित करने के दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी से हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।