उत्तराखंड शासन की अधिसूचना जारी: बी.डी. सिंह बने चारधाम यात्रा एवं बीकेटीसी के मुख्य सलाहकार
देहरादून/गोपेश्वर। उत्तराखंड शासन ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पूर्व प्रशासक एवं मुख्य कार्याधिकारी, भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी बी.डी. सिंह को चारधाम यात्रा एवं मंदिर समिति के लिए मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार (अवैतनिक) नियुक्त किया है। इस संबंध में 24 जुलाई को शासन द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई।
अधिसूचना में कहा गया है कि श्री बी.डी. सिंह को उनके पूर्व अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति मुख्यमंत्री की स्वेच्छा अथवा उनके कार्यकाल की समाप्ति (जो भी पहले हो) तक को-टर्मिनस आधार पर की गई है, जब तक कि नियुक्ति पूर्व में समाप्त न कर दी जाए। राज्यपाल ने इस नियुक्ति को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बीकेटीसी समिति द्वारा श्री सिंह को उनके सलाहकार पद के निर्वहन हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस नियुक्ति को लेकर बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहित समाज सहित बीकेटीसी कर्मचारी संघ में हर्ष की लहर है। संघ के अध्यक्ष विजेंद्र विष्ट, सचिव भूपेन्द्र रावत, उपाध्यक्ष रविंद्र भट्ट, पारेश्वर त्रिवेदी सहित सभी पदाधिकारियों ने श्री बी.डी. सिंह की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया है।