रुद्रपुर के विकास को मिलेगी रफ्तार, महापौर की बैठक में लिए गए बड़े फैसले

शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने और आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने शनिवार को जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, सड़क चौड़ीकरण, बस टर्मिनल निर्माण और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (नजूल) पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (वित्त) कौस्तुभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान किच्छा और काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण तथा प्रस्तावित बस टर्मिनल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बरसात के मौसम के बावजूद निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

बैठक में सड़क चौड़ीकरण और बस टर्मिनल परियोजना की जद में आने वाली दुकानों के व्यापारियों के पुनर्वास पर भी चर्चा हुई। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रभावित व्यापारियों को नगर निगम की ओर से जल्द ही वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उनके रोजगार पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वास की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एसआईआर प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए मतदाता सूचियों में मौजूद त्रुटियों और विसंगतियों को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं पूरी होने के बाद शहर का स्वरूप अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनेगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.