बंगाल में दीदी दे रही भड़काऊ बयानः पीएम, कहा- दीदी अब पोलिंग एजेंट को भी गालियां देने लगी हैं

कोलकाता। PM मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने चुनाव के दौरान हो रही हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि समस्या केंद्रीय बल नहीं, बल्कि आपकी भड़काउ बयानबाजी है। दीदी आज, केंद्रीय वाहिनी को गाली दे रही हैं। ईवीएम को गाली दे रही हैं। हालत तो ये है कि दीदी अब अपनी पार्टी के ही पोलिंग एजेंट्स को भी गाली देने लगी हैं।

दीदी बन रही माताओं-बहनों के आंसू गिरने की वजह

पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र के उत्सव में भी दीदी आप माताओं-बहनों के आंसू गिरने की वजह बन रही हैं। आपकी दुर्नीति ने बंगाल का ये हाल कर दिया है। केंद्रीय वाहिनी पूरे देश में निष्पक्ष चुनाव करवाती है। याद रखिए, ये 2021 का बंगाल है। अब आपको लोकतंत्र से खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा। आप बंगाल के लोगों को डराने, उनमें भय फैलाने की जितनी कोशिश कर रही हैं, उतने ही ज्यादा लोग आपको हराने के लिए एकजुट हो रहे हैं।

बंगाल में चुनाव जनता लड़ रही है

पीएम ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप इस बात को समझिए कि बंगाल का चुनाव सिर्फ भाजपा नहीं यहां की जनता लड़ रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार बंगाल को नया राजनीतिक वातावरण देगी। सरकार के फैसले सरकार तय करेगी तोलाबाज नहीं। प्रशासन के फैसले प्रशासन लेगा, तोलाबाज नहीं। इस बार बैसाख की आंधी, तृणमूल सरकार और उसके गुंडों को भी उड़ा कर ले जाएगी।

 बंगाल में होगा असोल परिवर्तन का महायज्ञ

पीएम ने आरोप लगाया कि हार तय देखकर दीदी ने बंगाल से बाहर की राजनीति करने का फैसला कर लिया है। बनारस वाली बात ऐसे ही नहीं उछाली गई है। यानि चुनाव के बाद दीदी की एग्जिट होगी और तृणमूल पर भाइपो नया खेल खेलने का दाव लगाएगा। ये भी एक खेला है, जो बंगाल के लोगों को समझना होगा। दो मई से बंगाल में असोल परिवर्तन का महायज्ञ शुरू होगा। ये महायज्ञ तुष्टिकरण, तोलाबाजी करने वालों, बंगाल की महान जनता का तिरस्कार करने वालों को सबक सिखाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.