सचिन तेंदुलकर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, बुमराह-अश्विन को भी किया गया सम्मानित

मुंबई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को शनिवार को ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से नवाजा गया जबकि मौजूदा भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2023-24 के सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए पॉली उमरीगर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारत के लिए 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 51 वर्षीय तेंदुलकर के नाम खेल के इतिहास में टेस्ट और वनडे में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है।तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार पाकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। 24 साल तक चली मेरी क्रिकेट यात्रा कभी भी मेरी नहीं रही, यह हर कोच के मार्गदर्शन, हर साथी के भरोसे, हर प्रशंसक के अटूट समर्थन और मेरे परिवार के विश्वास, प्यार और बलिदान का परिणाम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पुरस्कार खेल और उन लोगों को वापस देने की याद दिलाता है जिन्होंने मुझे सब कुछ दिया। मुझे खुले दिल और असीमित सीमाओं के साथ भारत के लिए बल्लेबाजी करने का मौका देने के लिए बीसीसीआई और हर क्रिकेट प्रेमी को धन्यवाद।’’ तेंदुलकर की 16 साल की उम्र में पदार्पण से लेकर वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाला पहले बल्लेबाज बनने तक की यात्रा निरंतर उत्कृष्टता की खोज रही और जिसमें वह 200 टेस्ट खेलने वाले एकमात्र क्रिकेटर बने रहे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार समारोह के दौरान तेंदुलकर ने कहा, ‘‘हमेशा अपने खेल को महत्व दें और अपने खेल का ख्याल रखें। मैं मौजूदा भारतीय क्रिकेटर के तौर पर कभी मैदान पर नहीं उतर पाऊंगा, इसका अहसास मुझे उस अंतिम दिन (2013) हुआ। इसी तरह जब आप संन्यास लेंगे तो आपको अहसास होगा कि आप कुछ साल पहले कहां थे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए अपने खेल का आनंद लें क्योंकि मौजूदा भारतीय क्रिकेटर के तौर पर आपके अंदर अभी भी बहुत क्रिकेट बचा है और ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहें। ’’ अपने कौशल, सटीकता और निरंतरता के लिए ‘आईसीसी टेस्ट और ओवरऑल क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ चुने गए बुमराह पिछले साल भारत के बेहतरीन गेंदबाज थे जिन्होंने इंग्लैंड और बांग्लादेश पर भारत की घरेलू जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.