वरिष्ठ शिक्षक श्री निरंजन कुमार सिंह को दी गई ससम्मान विदाई

31 जनवरी 2025 को डीएवी रजरप्पा के रसायन शास्त्र वरिष्ठ शिक्षक के श्री निरंजन कुमार सिंह को ससम्मान विदाई दी गई। सेवानिवृत शिक्षक श्री एन के सिंह ने डीएवी रजरप्पा में 27 वर्ष की सेवा प्रदान की। विद्यालय सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सेवानिवृत शिक्षक को विद्यालय प्राचार्य डॉ० एस के शर्मा और वरिष्ठ शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया तथा अंगवस्त्र एवं उपहार प्रदान कर सादर विदाई दी। मौके पर सभी शिक्षक ऑफिस स्टाफ एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर संगीत शिक्षक श्री रजनीश पाठक, धर्म शिक्षक श्री सत्यकाम आर्य और चित्रकला के शिक्षक श्री श्यामल कांति मिश्रा ने उनके सम्मान में भगवती वंदन, विदाई गीत और गजल गाकर सभी को भाव विभोर कर दिया तो दूसरी तरफ सामूहिक गीत में मनीष कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह और शिल्पी कुमारी ने अपनी भावनाओं को गीतों के माध्यम से साझा किया। रसायन शास्त्र के शिक्षक श्री रामेंद्र कुमार ने उनके साथ बिताए हुए पलों को याद किया। सेवानिवृत शिक्षक श्री एन के सिंह ने भी अपने विद्यालय में बिताए हुए पलों को याद कर भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि मेरी नियुक्ति जुलाई 1998 में हुई थी। उन्होंने सभी को सीख दी कि *‘इट इज नॉट प्रोफेशन, इट इज मिशन’*। अपने मिशन में सभी पूरी तरह सफल हो ये शुभकामनाएं सभी को उन्होंने दीं। झारखंड प्रक्षेत्र–डी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह विद्यालय प्राचार्य डॉक्टर एस के शर्मा ने अपने उदार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री एन के सिंह आज हमारे बीच से सेवानिवृत हो रहे हैं। उनके स्वभाव में गंभीरता दिखी और पूरी गंभीरता एवं धैर्य के साथ अपने कार्य को अंजाम दिया। उनका कहना था कि गुलदस्ता कई फूलों से बनता है और इस गुलदस्ता के वे एक महकते हुए फूल हैं जो आज इनकी खुशबू सेवा के रूप में पूरी हुई। उन्होंने कहा कि यह कड़वी सच्चाई है जो अपने कार्य से जुड़ता है वो एक दिन सेवानिवृत्त होता है। इसे झूठलाया नहीं जा सकता। विद्यालय में एक विशाल वृक्ष की छाया के समान थे। हम सभी को इन्हीं के समान कार्य के प्रति समर्पण का भाव सीखना चाहिए। उन्होंने उनके तथा उनके परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.