दामोदर/भैरवी संगम स्थल पर पर्यटकों को लुभा रही है माँ छिन्नमस्ता मंदिर, सैलानियों का आना शुरू

 माँ छिन्नमस्ता मंदिर राजधानी राँची से 70 किलोमीटर दूर और जिला मुख्यालय रामगढ़ से 22 किलोमीटर की दूरी पर

पूजा पाठ के अलावे पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं सैलानी

मनोज झा

रजरप्पा(रामगढ़)। रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्ता मंदिर जहाँ झारखंड का प्रख्यात सिद्ध पीठ स्थापित है। वहीं यह एक पर्यटक स्थल के रूप में भी जाना जाता है।

यहाँ आकर पर्यटक “एक पंथ दो काज” कर लेते हैं। यहाँ लोग पूजा-पाठ के लिए पहुंचते ही हैं, इसके साथ-साथ लोग पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं। रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्ता मंदिर में श्रद्धालुओं व सैलानियों का आना शुरू हो गया है। लोग यहाँ पहुँचकर पूजा पाठ के अलावे पिकनिक का भी आनंद उठाते हैं। साथ ही साथ यहाँ का मनोरम दृश्य यहाँ पहुँचने वाले सैलानियों को खूब भाता है। माँ छिन्नमस्ता मंदिर राजधानी राँची से 70 किलोमीटर दूर और जिला मुख्यालय रामगढ़ से 22 किलोमीटर की दूरी पर रजरप्पा में अवस्थित है। यहाँ प्रत्येक वर्ष हजारों सैलानी दामोदर/भैरवी नदी के संगम स्थल पर नौका विहार कर पिकनिक का लुफ्त उठाते हैं। यहाँ देश के कोने-कोने से पर्यटक भी पहुँचते हैं। इसके अलावा इन दिनों भोजपुरी और नागपुरी फिल्मों की शूटिंग यहां के खूबसूरत वादियों में की जा रही है। जिससे लोगों का आकर्षण इस क्षेत्र के प्रति काफी बढ़ रहा है।

दामोदर भैरवी संगम स्थल

माँ छिन्नमस्ता मंदिर स्थित दामोदर भैरवी संगम स्थल की कल कल करती नदी में पर्यटक नौका विहार का जमकर आनंद उठाते हैं। इस स्थल पर नौका विहार को लेकर दूरदराज से पर्यटक अपने परिजनों के साथ रजरप्पा मंदिर आते हैं। और इस मनोरम दृश्य का आनंद उठाते है।

रजरप्पा का गर्म कुंड

रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्ता मंदिर से एक किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है गर्म जल कुंड। यहाँ पहुँचकर पर्यटक जमकर स्नान करते हैं। मान्यता के अनुसार गर्म कुंड के बारे में लोग बताते हैं कि, यहाँ स्नान करने से चर्म रोग जैसी बीमारियां दूर होती है। जिसके कारण यहाँ भारी संख्या में लोग पहुँचकर गर्म कुंड का आनंद उठाते हैं। हालाँकि इसका वैज्ञानिक आधार है कि जल में फॉस्फोरस की मात्रा अत्यधिक होने के कारण चर्मरोग का निराकरण होता है।

बाह्मनधारा तट

रजरप्पा आवासीय कॉलोनी से 3 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है बाह्मनधारा तट है। यहाँ आवासीय कॉलोनी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग पहुँचकर पिकनिक का आनंद उठाते हैं। यह क्षेत्र भी लोगों को काफी भाता है। जिसके कारण यहाँ पिकनिक मनाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रहती है।

क्या कहते हैं मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी

माँ छिन्नमस्ता मंदिर न्यास समिति के सचिव शुभाशीष पंडा, वरिष्ठ पुजारी असीम पंडा, सुबोध पंडा, छोटू पंडा, गुड्डू पंडा का कहना है कि रजरप्पा मंदिर में नववर्ष को लेकर पूजा और पिकनिक के लिए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। यहाँ न्यास समिति द्वारा मंदिर में साफ सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं व सैलानियों को पूजा पाठ करने में किसी प्रकार की परेशानियों का सामना ना करना पड़े। साथ ही पिकनिक का भी बेहतर ढंग से आनंद ले सकें।

रजरप्पा में सुरक्षा का होगा व्यापक इंतजाम : थाना प्रभारी

रजरप्पा थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि नववर्ष को लेकर भारी संख्या में लोग यहाँ पूजा करने और पिकनिक मनाने के लिए पहुँचते हैं। इसके लिए मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं व सैलानियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं असामाजिक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.