सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता

देहरादून। भाजपा में ज्वाइनिंग अभियान के क्रम में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख और दर्जनों क्षेत्र पंचायत सदस्यों समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए।

बलबीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को फूलमाला और भाजपा का पटका पहना कर पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में मोदी के कामों और राज्य में मुख्यमंत्री धामी की नीतियों से प्रभावित होकर सभी पार्टियों और सामाजिक क्षेत्रों के लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। आज जनता अपने आसपास विकास को महसूस कर रही है। लिहाजा जनता का दबाव अपने जनप्रतिनिधियों पर रहता है कि वे विकसित भारत की यात्रा में मोदी जी का साथ दें।

प्रदेश के मुख्यमंत्री धामी नकल निरोधक, मातृ शक्ति आरक्षण, धर्मांतरण, राज्य आंदोलनकारी आश्रितों को आरक्षण और यूसीसी जैसे ऐतिहासिक कानून लेकर आए हैं। इससे प्रभावित होकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टी के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 5 बड़े ज्वाइनिंग कार्यक्रम प्रदेश कार्यालय में आयोजित किए गए हैं। इसमें कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के विचारों और सिद्धांतों को स्वीकार किया।

उन्होंने कहा कि सदस्यता लेने वाले आप सभी लोगों के अतिरिक्त बहुत बड़े पैमाने पर सदस्यता कार्यक्रम किए जाने वाले हैं। यह सिलसिला और अधिक तेजी से चलने वाला है। क्योंकि बड़ी संख्या में उनके विधायक, पूर्व विधायक समेत छोटे बड़े हर स्तर के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क में हैं। प्रदेश और जिला स्तर पर गठित पार्टी की ज्वाइनिंग कमेटी की ओर से सबके नामों पर विचार करने के बाद उन्हें शीघ्र ही पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इन शामिल होने वालों में कोटद्वार की रहने वाली कांग्रेस पार्टी की प्रदेश सचिव कृष्णा बहुगुणा 20 लोगों के साथ भाजपा में शामिल हुईं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.