After Header-1

चीन में भूकंप से मरने वालों की संख्या 111, 200 से ज्यादा लोग घायल

बीजिंग। चीन के गांसु प्रांत में सोमवार देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई है। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (सीईएनसी) के अनुसार, सोमवार रात तकरीबन 12 बजे पश्चिमी चीन के गांसु प्रांत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के गांसु प्रांत में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है। वहीं, 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। भूकंप की तीव्रता इतनी तेज रही कि कई इमारतें ध्वस्त होने की खबर सामने आई है। इमारतें ध्व्स्त होने की वजह से कई लोग मलबे में दब गए। बताया जा रहा है कि यह भूकंप इतना जोरदार था कि इसमें कईं इमारतें भी ध्वस्त हो गई हैं और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
शिन्हुआ ने कहा कि इस भूकंप में 200 से अधिक लोग घायल हुए, गांसु में 96 और किंघई में 124 लोग घायल हुए। भूकंप किंघई के साथ प्रांतीय सीमा से लगभग 5 किलोमीटर (3 मील) दूर गांसु के जिशिशान काउंटी में आया। हालांकि, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 5.9 बताई है। जबकि चीनी सीसीटीवी ने बताया कि इस जोरदार भूकंप की वजह से पानी और बिजली लाइनों के साथ-साथ परिवहन और संचार बुनियादी ढांचे को भी नुकसान हुआ है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, गांसु की राजधानी लान्झू में भूकंप के झटके महसूस होते ही विश्वविद्यालय के छात्र अपने छात्रावासों से बाहर निकल आए। वहां हंगामा हो रहा था। चीनी मीडिया ने बताया कि रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया है। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। टेंट, फोल्डिंग बेड और रजाइयां मौके पर पहुंचाई जा रही है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ उन्होंने मृतकों की संख्या कम करने के लिए उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.