एक्शन में बिरला, संसद भवन में दर्शकों का प्रवेश निलंबित

नयी दिल्ली। संसद भवन परिसर में सुरक्षा को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एक्शन में आ गए हैं। लोकसभा (Loksabha) में बुधवार को दो व्यक्तियों के दर्शक दीर्घा से नीचे कूदने के बाद संसद भवन ( Parliament House) परिसर में दर्शकों का प्रवेश निलंबित कर दिया गया है। इस घटना के बाद आज के लिए वैध आगंतुक पास रखने वाले लोगों को स्वागत क्षेत्र से वापस भेज दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि अब तक दर्शकों या आंगुतकों पर “प्रतिबंध” लगाने का कोई लिखित निर्देश नहीं आया है। आमतौर पर, दर्शकों के पास दो घंटे के लिए जारी किए जाते हैं। इससे पहले, दिन में कई सांसदों की पत्नियों ने नए संसद भवन का दौरा किया था।
बता दें कि, लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो लोग नीचे कूद गए और कनेस्टर के माध्यम से धुआं फैला दिया। घटना के तुरंत बाद दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि लोकसभा अपने स्तर पर जांच कर रही है तथा इस बारे में दिल्ली पुलिस को भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो धुआं सदन में फैलाया गया था वह साधारण था और इसको लेकर चिंता कोई बात नहीं है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में सुरक्षा चूक की घटना के बाद इस विषय पर चर्चा के लिए अपराह्न चार बजे सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। सदन में, विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी के बीच बिरला ने बैठक बुलाये जाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आप सब की भावनाओं को पहले व्यक्त कर दिया है। चार बजे इस विषय पर सभी दलों की बैठक बुलाई है।” इसके बाद, बिरला ने अपराह्न करीब दो बजकर 50 मिनट पर सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.