देवीधुरा स्कूल पहुंचे सीएम धामी, छात्रों को दिए सफलता और अनुशासन के खास मंत्र

चंपावत जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा में छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के देश और राज्य का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और अनुशासन को भी अपनाना चाहिए।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और समाज के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री के संबोधन से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी देवीधुरा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.