देहरादून में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन धारीदेवी-कमलेश्वर-देवलगढ़-खिर्सू-क्यूंकलेश्वर-पौड़ी पर्यटन सर्किट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन सर्किट राज्य में धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान देगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा में सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर परिसर में घाट, पार्किंग और हेलीपैड निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। धारी देवी, देवलगढ़, खिर्सू और कण्डोलिया पौड़ी जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किए जाने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि धारी देवी, खिर्सू, क्यूंकलेश्वर और कण्डोलिया के अधिकांश कार्य लगभग पूरे किए जा चुके हैं। वहीं कमलेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। देवलगढ़ में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रोहिल्ला, गढ़वाल मंडल विकास निगम की प्रबंध निदेशक कुसुम चौहान, अधीक्षण अभियंता तेजपाल सिंह सहित पर्यटन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। सरकार को उम्मीद है कि यह पर्यटन सर्किट उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगा।