After Header-1

MP : डॉ मोहन यादव ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( Prime Minister Narendra Modi) की उपस्थिति में आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने डॉ मोहन यादव को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। यादव व्यक्ति के रूप में राज्य के बीसवें मुख्यमंत्री (CM) हैं। इसके अलावा राज्यपाल ने जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।

स्थानीय मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने पद के साथ ही गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस समारोह में मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा, अन्य वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री, भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।

इस समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। समारोह का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार मंच के समीप ही एक और भव्य मंच तैयार किया गया था, जिस पर विभिन्न साधु संत मौजूद थे। साधु संतों ने शंखनाद भी किया।

मध्यप्रदेश के सोलहवें विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल भाजपा ने कुल 230 सीटों में से 163 सीटों पर विजय हासिल कर अपनी सरकार बरकरार रखी है। हाल ही में भाजपा विधायक दल की बैठक में उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ मोहन यादव को नेता चुना गया था। डॉ यादव व्यक्ति के रूप में राज्य के 20वें मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान का स्थान लिया है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.