आप ने रानी अग्रवाल को सिंगरौली से उम्मीदवार बनाया

भोपाल। आम आदमी पार्टी (  AAP) ने अगले महीने होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव Madhya Pradesh  Assembly के लिए अपनी प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल को सिंगरौली सीट से उम्मीदवार बनाने की सोमवार को घोषणा की। अग्रवाल के नाम की घोषणा के साथ अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली इस पार्टी ने अब तक 70 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश के लिए आप के आधिकारिक हैंडल पर पोस्ट की गई एक विज्ञप्ति के अनुसार, “आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सिंगरौली विधानसभा से रानी अग्रवाल को उम्मीदवार घोषित करती है।

अग्रवाल का मुकाबला रामनिवास शाह और रेनू शाह से होगा जो क्रमश: भाजपा और कांग्रेस की ओर से चुनाव मैदान में हैं।

पिछले साल मध्य प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी सफलता से उत्साहित आप ने पहले इस विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। स्थानीय चुनाव में आप ने करीब छह प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया था। विंध्य क्षेत्र के सिंगरौली में महापौर ( mayor) का पद जीतने के अलावा, आप ने राज्य भर में लगभग 50 पार्षद सीट भी हासिल कीं।

मध्य प्रदेश में 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में आप को कोई भी जीत नहीं मिली थी। इन चुनाव में कांग्रेस ने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा पर मामूली जीत हासिल की थी। इस बार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्य रूप से विंध्य क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.